छत्तीसगढ़
अवैध शराब के छह ठिकानों पर पुलिस की दबिश, नौ आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Aug 2026 4:33 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छह प्रकरण दर्ज करते हुए कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान 34.860 लीटर अवैध महुआ, देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 10 हजार 808 रुपये है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही करीब 15 हजार रुपये की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस के अनुसार पिथौरा, बसना, पटेवा और सरायपाली थाना क्षेत्रों में मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर एक साथ कार्रवाई की गई। ग्राम लाखागढ़, ढाबा लहरौद, बिजराभाटा, दुधीपाली, टूरीडीह और माधोपाली में पुलिस टीमों ने दबिश देकर अवैध शराब का कारोबार करने वालों को पकड़ा। पिथौरा पुलिस ने पहली कार्रवाई इंदिरा कॉलोनी लाखागढ़ में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान की बाड़ी में बिक्री के लिए महुआ शराब रखी गई है। टीम ने छापा मारकर 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब तीन हजार रुपये है। मामले में मोहन वासुदेव और रवि वासुदेव को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 211/2026 में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दूसरी कार्रवाई पिथौरा के लहरौद पड़ाव स्थित हमर ढाबा में की गई। यहां से पुलिस ने 3.240 लीटर देसी प्लेन शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 1,440 रुपये बताई गई है। मामले में शरद तिवारी, फेगन प्रजापति और राजेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य आरोपी कमलेश डडसेना फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। बसना पुलिस ने ग्राम बिजराभाटा में दबिश देकर पंकज गुप्ता को छह लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ पकड़ा। जब्त शराब की कीमत लगभग 1,200 रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बसना थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई ग्राम दुधीपाली के ताला पुल के पास की गई। पुलिस ने आमापाली निवासी राकेश नायक के पास से 3.600 लीटर शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को बिक्री के लिए अपने पास रखे हुए था। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पटेवा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-53 पर ग्राम टूरीडीह के पास जांच के दौरान हरिवंश मिर्धा को पकड़ा। आरोपी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-06 जीएन-5227 में 5.580 लीटर देसी प्लेन शराब का परिवहन करते मिला। पुलिस ने करीब 2,480 रुपये की शराब और 15 हजार रुपये की मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इसी तरह सरायपाली पुलिस ने ग्राम माधोपाली में छापा मारकर इच्छापुर निवासी दिनेश सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1.440 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 288 रुपये है। उसके खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में देने की अपील की है।
Next Story





