छत्तीसगढ़
अग्रसेन भवन के पास जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 20 जुआरी पकड़े गए
Shantanu Roy
25 Sept 2026 10:33 PM IST

x
छग
Sakti. सक्ती। शहर के हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास अलग-अलग फड़ लगाकर काटपत्ती जुआ खेलने के मामले में सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 20 लोगों को पकड़ा है। उनके कब्जे और जुए के फड़ से 2 लाख 22 हजार रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन और ताश की चार गड्डियां जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है। इस तरह कार्रवाई में कुल 7 लाख 22 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने जिले में जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में सक्ती पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास कुछ लोग अलग-अलग फड़ बनाकर रुपये-पैसों का दांव लगाते हुए काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गठित कर मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को आता देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक जुआरियों के कब्जे और फड़ से कुल 2 लाख 22 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। मौके से 52 पत्तों वाली ताश की चार गड्डियां भी बरामद की गईं। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 7 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में पुलिस ने चंद्रशेखर शर्मा, राजेश अग्रवाल, मनीष राठौर, रितेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल उर्फ कालू, सौरभ अग्रवाल, विपूल अग्रवाल, सावन कुमार अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, तरूण भिंडवानी, नितिन अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, नटवर अग्रवाल, दिनेश कथुरिया, बंटी अग्रवाल, रितेश अग्रवाल और प्रताप अग्रवाल को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी लोग सक्ती शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें गेवाडीन कॉलोनी, कचहरी चौक, रानीसागर पारा, हटरी चौक, राम मंदिर रोड, बुधवारी बाजार, महामाया मंदिर क्षेत्र, स्टेशन रोड, अग्रसेन चौक और अन्य इलाकों के निवासी शामिल हैं।
सभी 20 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मौके से बरामद नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियों को विधिवत जब्त कर प्रकरण में आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर तंत्र के माध्यम से जुआ और सट्टा संचालित होने वाले संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है। हटरी चौक में जुआ खेलने की सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई की गई। पुलिस की अचानक दबिश से मौके पर हड़कंप मच गया था।
इस कार्रवाई के बाद सक्ती पुलिस ने साफ किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसकी तस्दीक कर कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक भी अपने आसपास जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं। सक्ती पुलिस ने कहा है कि जिले में ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
Next Story





