छत्तीसगढ़

मुहर्रम त्योहार को लेकर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की हुई बैठक

Nil dhankar
2 July 2025 5:10 PM IST
मुहर्रम त्योहार को लेकर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की हुई बैठक
x

रायगढ़। आगामी 6 जुलाई रविवार को मनाए जाने वाले मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में आज शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने की, जिसमें मुस्लिम समुदाय के सक्रिय सदस्यगण, जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में मुहर्रम के दौरान शहर के किन-किन क्षेत्रों से ताजिया और अखाड़ों के जुलूस निकाले जाएंगे, इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अखाड़ों में शस्त्रों के प्रदर्शन तथा ध्वनि यंत्रों के उपयोग पर शासन द्वारा जारी नियमों का पालन करने के निर्देश दिये ।

सलीम नियारिया, नेता प्रतिपक्ष द्वारा चांदनी चौक और ताजिया मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पुलिस बल एवं वालंटियर की तैनाती रहेगी। साथ ही आपात स्थिति के मद्देनजर मोबाइल एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी।

एएसपी मरकाम ने कहा कि पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। साथ ही ताजिया एवं अखाड़ा आयोजकों से अपील की गई कि वे अपनी समिति स्तर पर वालंटियर नियुक्त करें जो जुलूस के दौरान अनुशासन और समन्वय में सहयोग करें। बैठक में सभी ने सामूहिक सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

Next Story