छत्तीसगढ़

रायपुर में गणेश प्रतिमा के विसर्जन और गणपति झांकी को लेकर पुलिस की पुख्ता तैयारी, 1000 जवान और ड्रोन रखेंगे नजर

jantaserishta.com
24 Sept 2026 10:40 AM IST
रायपुर में गणेश प्रतिमा के विसर्जन और गणपति झांकी को लेकर पुलिस की पुख्ता तैयारी, 1000 जवान और ड्रोन रखेंगे नजर
x
छत्तीसगढ़.
रायपुर: रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। बुधवार को C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की बैठक हुई।
इसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान शहर में 1 हजार से ज्यादा पुलिस बल तैनात रहेगा। झांकी रूट पर ड्रोन और गोपनीय कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थानों पर ही करना होगा। निगम अधिकारियों ने बताया, कि तालाबों में प्रतिमा विसर्जन करने पर कार्रवाई के साथ चालान काटा जाएगा। समितियों से निर्धारित विसर्जन स्थल का उपयोग करने की अपील की गई है।
झांकी और विसर्जन के दौरान भीड़ में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। यातायात व्यवस्था के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और झांकी रूट पर अतिरिक्त बल लगाया जाएगा।
बैठक में आयोजकों को निर्धारित मार्ग, समय और झांकियों के क्रम का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने पर भी मनाही रहेगी। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए कहा गया है। झांकी में नशे का सेवन, हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करना होगा।
सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर बैठक में विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF ने झांकी के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी दी। सुरक्षा को देखते हुए रूट बदलने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन समितियों के आयोजकों ने इससे असहमति जताई। हालांकि, आयोजकों ने साउंड सिस्टम का स्तर निर्धारित मानक में रखने और बेस व वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति दी है। साथ ही सुरक्षा संबंधी पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की बात कही।
डीसीपी अर्चना झा ने बताया, कि गणेशोत्सव के अंतिम दिनों में शहर के प्रमुख मार्गों पर निकलने वाली झांकियों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा प्लान तैयार किया है। झांकी रूट के संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही गोपनीय कैमरों के जरिए भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों की टीमें लगातार रूट की निगरानी करेंगी।
रायपुर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर निगम ने महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में व्यवस्थाओं के लिए समिति गठित की है। 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अफसर-कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब और बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा।
महादेव घाट पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। झांकी रूट पर जर्जर भवनों का सर्वे, सफाई, सड़क मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था होगी। छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी कुंड बनाए जाएंगे।
महादेव घाट विसर्जन स्थल से प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 से होकर होगी। शहर में भारी वाहनों को एंट्री बैन रहेगी। विसर्जन के दौरान सभी तरह के माल वाहक वाहनों को रायपुरा चौक से रोक दिया जाएगा, जिन्हें अम्लेश्वर से रायपुर की ओर आना है, वो अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध होकर या खुड़मुड़ा-भाठागांव होकर आ सकते हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story