छत्तीसगढ़

साइबर ठगों से बचाने मैदान में उतरी पुलिस एक दिन में 31 जगह अभियान

SHIDDHANT
14 Sept 2026 11:43 PM IST
साइबर ठगों से बचाने मैदान में उतरी पुलिस एक दिन में 31 जगह अभियान
x
छग
Raipur रायपुर। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के लगातार बदलते तरीकों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साइबर जागृति अभियान सप्ताह-05 के तहत नॉर्थ जोन में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को नॉर्थ जोन के उरला, गुढ़ियारी, खमतराई और पंडरी थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। गुढ़ियारी, खमतराई और पंडरी थाना क्षेत्रों में कुल 31 स्थानों पर कार्यक्रम किए गए। वहीं उरला क्षेत्र की एक कंपनी में करीब 60 से 70 कर्मचारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
उरला थाना क्षेत्र स्थित होल्डवेल कंपोनेंट्स कंपनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को खास तौर पर नौकरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के बारे में बताया गया। पुलिस ने फर्जी जॉब ऑफर, ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये मांगने, फर्जी भर्ती एजेंसियों और रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के नाम पर भुगतान मांगने जैसे तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी। इसके साथ ही कर्मचारियों को संदिग्ध फिशिंग लिंक के बारे में भी जानकारी दी गई। समझाइश दी गई कि
किसी
अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजे गए लिंक पर बिना जांच किए क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में अभियान बड़े स्तर पर चलाया गया। पुलिस टीमों ने कुल 16 स्थानों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इनमें पहाड़ी चौक, सीएसईबी मैदान, आदर्श नगर, अंबेडकर नगर, खालबाड़ा, जगन्नाथ चौक, गोगांव, अशोक नगर, विकास नगर, बड़ा अशोक नगर और एकता नगर सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल रहे।
इसी तरह खमतराई थाना क्षेत्र में 13 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम किए गए। पुलिस टीमों ने रिंग रोड, गोवर्धन नगर, खमतराई बाजार, थाना परिसर, भनपुरी बाजार और गणेश पंडाल सहित अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया। लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी अलग-अलग बहाने और ऑनलाइन प्रलोभन देकर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। पंडरी थाना क्षेत्र में भी दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रचलित तरीकों और उनसे सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में बताया गया। इस तरह गुढ़ियारी के 16, खमतराई के 13 और पंडरी के दो स्थानों को मिलाकर एक ही दिन में कुल 31 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त उरला में कंपनी कर्मचारियों के लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित हुआ।
पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन लालच से सतर्क रहें। बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में जल्द से जल्द हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की सलाह दी गई है।
Next Story