छत्तीसगढ़
चाकू और हिंसा से रहें दूर युवाओं को पुलिस ने दिया बड़ा संदेश
Shantanu Roy
10 Sept 2026 12:40 PM IST

x
छग
Khairagarh. खैरागढ़। नाबालिगों और युवाओं को हिंसा, अपराध तथा हथियारों की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के माध्यम से युवाओं को चाकू और अन्य हथियारों से दूरी बनाकर शिक्षा, खेल और हुनर को अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को सही दिशा देकर अपराध से दूर रखना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। जागरूकता अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और युवाओं की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख क्षेत्रों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से नाबालिगों और युवाओं को चाकू, धारदार हथियार या अन्य किसी तरह के हथियार रखने और उनका प्रदर्शन करने से बचने की अपील की गई है। साथ ही किसी विवाद या झगड़े के दौरान हिंसा का रास्ता नहीं अपनाने की समझाइश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कई बार युवा क्षणिक आवेश, आपसी विवाद या दूसरों के सामने दिखावा करने के उद्देश्य से हथियार रखने जैसी गतिविधियों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। इस तरह का कदम उनके भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। एक गलत फैसला न केवल कानूनी मुश्किलें पैदा कर सकता है, बल्कि शिक्षा और करियर को भी प्रभावित कर सकता है। अभियान के दौरान युवाओं को समझाया जा रहा है कि किसी तरह का विवाद होने पर हथियार उठाने या हिंसा करने के बजाय संयम से काम लें। समस्या गंभीर होने पर अपने माता-पिता, परिजनों, शिक्षकों या पुलिस से मदद लें। बातचीत और कानूनी माध्यम से समस्या का समाधान करना ही बेहतर रास्ता है।
केसीजी पुलिस ने इस अभियान में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया है। उनसे बच्चों और किशोरों की संगति, गतिविधियों तथा व्यवहार पर नजर रखने की अपील की गई है। बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद, कौशल विकास और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि वे गलत संगति और अपराध की ओर जाने से बच सकें। पुलिस ने युवाओं से यह भी अपील की है कि यदि उनके पास कोई हथियार है तो उसे अपने परिचित या अभिभावक के माध्यम से जमा कराया जा सकता है। इसके अलावा डायल 112 पर कॉल कर इसकी जानकारी दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार इस तरह जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखना, उनका सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन करना या हथियार के जरिए हिंसा और दहशत फैलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। खैरागढ़ पुलिस ने अपने संदेश में कहा है, “हथियार नहीं, हुनर अपनाएं। हिंसा नहीं, शिक्षा और संस्कार चुनें। आज सही रास्ता चुनें, कल भविष्य संवारें।” अभियान के जरिए पुलिस सुरक्षित युवा, सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य की अवधारणा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
Next Story





