छत्तीसगढ़

अवैध हथियारों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 दिन में 57 केस दर्ज, देखे लिस्ट

SHIDDHANT
6 Sept 2026 10:54 PM IST
अवैध हथियारों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 15 दिन में 57 केस दर्ज, देखे लिस्ट
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 15 दिनों तक चले इस अभियान में कमिश्नरेट के सभी 21 थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट के तहत कुल 57 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 54 चाकू, एक तलवार, एक अन्य घातक धारदार हथियार और एक कट्टा बरामद किया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया। अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई।
21 थाना क्षेत्रों में एक साथ सख्ती
अभियान के तहत टिकरापारा, तेलीबांधा, डी.D. नगर, उरला, आमानाका, राखी, मुजगहन, पुरानी बस्ती, सरस्वती नगर, कबीर नगर, राजेंद्र नगर, सिविल लाइन, गुढ़ियारी, कोतवाली, आजाद चौक, गंज, पंडरी, खम्हारडीह, गोलबाजार, मौदहापारा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पेट्रोलिंग टीम, क्राइम टीम और संबंधित थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध लोगों की जांच की। पुलिस ने ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखी जो अवैध तरीके से हथियार लेकर घूम रहे थे या सार्वजनिक स्थानों पर हथियार दिखाकर लोगों में भय पैदा करने की कोशिश कर रहे थे।
54 चाकू और कट्टा जब्त
पुलिस के अनुसार, 21 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत कुल 57 मामले दर्ज किए गए। आरोपियों के कब्जे से 54 चाकू, एक तलवार और एक अन्य घातक धारदार हथियार बरामद किया गया। इसी अभियान के दौरान अवैध आग्नेयास्त्र के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कट्टा भी जब्त किया गया। संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने, सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। असामाजिक और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अवैध हथियारों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story