
x
छग
Raigarh रायगढ़: जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 14 लीटर अवैध महुआ शराब और 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई सिंधनपुर-बिलासपुर मेन रोड पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति थैले में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब लेकर पैदल जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान जयकृष्ण तरिया (49) निवासी बिलासपुर, थाना भूपदेवपुर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,000 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई बिलासपुर यात्री प्रतीक्षालय के पास की गई। यहां पुलिस ने नोनी बाई तिवारी (47) निवासी बिलासपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 4 लीटर महुआ शराब और शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
Next Story





