छत्तीसगढ़

रायपुर में चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में 5 गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 Sept 2026 6:19 PM IST
रायपुर में चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में 5 गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सेंट्रल जोन में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए साप्ताहिक और विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और अतिरिक्त डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में कोतवाली डिवीजन के गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में विजिबल पुलिसिंग और सघन चेकिंग की गई।
24 घंटे में पांच बदमाश गिरफ्तार
दिनांक 7 और 8 सितंबर 2026 को प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने आर्म्स एक्ट के पांच अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गंज पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
गंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने नितेश सोनी और अशोक भाण्डेकर को गिरफ्तार किया। 19 वर्षीय नितेश सोनी निवासी राजीव आवास, लाल गंगा शॉपिंग मॉल के पीछे के कब्जे से तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। इसी तरह 40 वर्षीय अशोक भाण्डेकर निवासी कमाशीपारा को आत्मानंद स्कूल की दीवार के पीछे नहरपारा आम रोड क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके कब्जे से भी स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ।
मौदहापारा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह की टीम ने तीन आरोपियों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने 20 वर्षीय धन्नू साहू को ताज चौक, मेकाहारा अस्पताल रोड क्षेत्र से पकड़ा। उसके पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा 40 वर्षीय रविन्द्र साठे को मेकाहारा अस्पताल के एम्बुलेंस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी लोहे का धारदार चाकू मिला। तीसरे आरोपी 34 वर्षीय मनोज यादव को मेकाहारा अस्पताल के सुलभ के पास से पकड़ा गया। उसके पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, पांचों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
लिस्टेड बदमाशों की भी ली गई परेड
अभियान के दौरान पुलिस ने केवल संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग ही नहीं की, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों और आपराधिक तत्वों की भी सघन जांच की। उन्हें अपराध से दूर रहने के लिए सख्त समझाइश दी गई। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जाएगी। सेंट्रल जोन पुलिस के अनुसार, विजिबल पुलिसिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ चाकूबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
Next Story