छत्तीसगढ़
अवैध शराब और चाकू के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 33 पौवा शराब सहित 2 गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Sept 2026 8:54 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन पुलिस ने 3 सितंबर 2026 को विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री, चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 33 पौवा अंग्रेजी शराब और एक चाकू बरामद किया गया है। इसके अलावा छह आदतन अपराधियों और उभरते बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र रायपुर तारकेश्वर पटेल ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, चाकूबाजों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों तथा अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की लगातार जांच और निगरानी के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस को अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले राजेश तांडी के संबंध में जानकारी मिली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे पकड़ा और उसके कब्जे से 33 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की। इसी तरह पुलिस ने आम लोगों को चाकू दिखाकर भयभीत करने वाले लोकेश भतरे उर्फ पाजी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक नग चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया।
छह आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त और अपराध की ओर अग्रसर छह आदतन अपराधियों एवं उभरते बदमाशों को भी चिन्हांकित किया। इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ऐसे लोगों पर प्रभावी अंकुश लगाना है, ताकि वे भविष्य में किसी आपराधिक घटना या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि को अंजाम न दे सकें। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में अमन डिसूजा (19), शैलेन्द्र सोनवानी उर्फ सन्नी (18 वर्ष 4 माह), संजय अडवानी (43), ईश्वर जांगड़े उर्फ आशिक (27), सन्नी छेदैया (23) और प्रकाश दीप (27) को शामिल किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों, अवैध शराब बिक्री, चाकूबाजी, गुंडागर्दी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। आमजन में भय अथवा आतंक का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के साथ-साथ आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
Next Story





