छत्तीसगढ़
अवैध कबाड़ दुकान और अशांति फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 5 गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Sept 2026 12:17 AM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ दुकान संचालित करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जांच अभियान चलाकर पांच व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। सभी को कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ दुकानों पर कार्रवाई करने के साथ शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा और हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।
हिर्री पुलिस और संबंधित बीट के पुलिसकर्मियों ने खजुरी, मोहदा सहित थाना क्षेत्र के अन्य स्थानों पर सतत चेकिंग की। इस दौरान अवैध कबाड़ दुकान के संचालन और क्षेत्र में अशांति फैलाने जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। जांच के दौरान पांच व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सरोज कोशले पिता शंकर लाल कोशले उम्र 26 वर्ष निवासी खजुरी, भगवान सिंह छेदाम पिता झनकु राम छेदाम उम्र 45 वर्ष निवासी खजुरी और सुनील घृतलहरे पिता गिरधारी घृतलहरे उम्र 20 वर्ष निवासी मोहदा को पकड़ा गया। इसके अलावा युसुफ खान पिता स्वर्गीय इस्सा जमान खान उम्र 58 वर्ष निवासी तुलसीनगर बालमुकुंद स्कूल के पास तालापारा थाना सिविल लाइन और दीपक चौहान पिता सुरेन्द्र चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी परसदा थाना चकरभाठा के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस ने पांचों व्यक्तियों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और सभी को कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। हिर्री पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, नशाखोरी या अन्य तरीके से शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि कानून व्यवस्था भंग करने, नशाखोरी करने या सार्वजनिक स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना मिलने पर पुलिस की ओर से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हिर्री पुलिस ने कहा है कि असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





