मेन रोड पर पुलिस की घेराबंदी, स्कूटी सवार शराब के साथ गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुसौर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आदर्श स्कूल पुसौर मेन रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान बोरोडीपा की ओर से आ रही सफेद रंग की *हीरो मेस्ट्रो स्कूटी क्रमांक CG 13 UF 9157* को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान स्कूटी के सामने रखे एक थैले में *70 नग देशी मदिरा प्लेन (कुल 12 लीटर 600 एमएल) बरामद* हुई।
पकड़े गए वाहन चालक ने अपना नाम *लोकनाथ निषाद (55 वर्ष), निवासी नावापाली पुसौर, जिला रायगढ़* बताया। पूछताछ में आरोपी ने शराब को अवैध रूप से बिक्री हेतु परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से *शराब (कीमत 5,600 रुपये) एवं स्कूटी (कीमत 60,000 रुपये) सहित कुल 65,600 रुपये* का मशरूका जब्त किया।आरोपी के विरुद्ध थाना पुसौर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।





