
x
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर: इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शुक्रवार तड़के पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। ईडब्ल्यूएस और एलआईजी क्वार्टर क्षेत्रों में करीब 80 पुलिस जवानों की टीम ने घर-घर जाकर जांच की और कुल 138 मकानों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि 25 संदिग्ध वाहनों के नंबर दर्ज कर उनकी जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा एक बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने किराएदारों और मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वे सभी किराएदारों का पूरा विवरण संबंधित थाने में दर्ज कराएं और किरायानामा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन न होने पर अपराधियों को छिपने का मौका मिल सकता है।
यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में की गई। इसमें डीडी नगर, पुरानी बस्ती और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
Next Story





