छत्तीसगढ़

पुलिस ने 50 करोड़ रुपये की लोन धोखाधड़ी का किया पर्दाफाश, आरवी ग्रुप के 6 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 April 2025 12:09 AM IST
पुलिस ने 50 करोड़ रुपये की लोन धोखाधड़ी का किया पर्दाफाश, आरवी ग्रुप के 6 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने शहर में बड़े पैमाने पर की गई वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए आरवी ग्रुप एवं स्पाश एडवाइजर प्रा. लि. द्वारा चलाई गई फर्जी लोन स्कीम का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अभय कुमार गुप्ता उर्फ अमयकांत गुप्ता समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 250 से अधिक लोगों से लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज लेकर, विभिन्न बैंकों से उनके नाम पर लोन स्वीकृत करवाया। फिर उन्हें आश्वस्त किया गया कि लोन की 50% राशि आरवी ग्रुप में निवेश करने पर ईएमआई फर्म द्वारा चुकाई जाएगी। शुरुआत में कुछ मासिक किश्तें भरकर विश्वास दिलाया गया, लेकिन बाद में किस्तें रोक दी गईं और पीड़ितों के फोन कॉल व शिकायतों की अनदेखी की गई।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विदेश भागने की फिराक में थे। अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभय कुमार गुप्ता, सुरेंद्र सिंह करियाम, मनोज कुमार भगत, रागिब हुसैन, विभा वर्मा और पूजा यादव शामिल हैं। उनसे पूछताछ में अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कार्यालयों से दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और निवेश संबंधी फाइलें जब्त की हैं। यह मामला छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम, 2005 की धारा 10 के तहत भी दर्ज किया गया है।

Next Story