छत्तीसगढ़

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस, मृतका के पति को किया गिरफ्तार

Nilmani Pal
6 May 2023 7:20 AM GMT
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस, मृतका के पति को किया गिरफ्तार
x

जशपुर। जिले के ग्राम पुरंगा में खाना नहीं बनने की बात पर पति ने पत्नी को निर्वस्त्र करके बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने पहले तो पत्नी के कपड़ों को फाड़कर उसे निर्वस्त्र किया, फिर लोहे की रॉड से उसे जमकर पीटा। पूरे शरीर को मार-मारकर घायल कर दिया। बाद में पत्नी की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पुरंगा का रहने वाला सत्यप्रकाश कोरवा किसी शादी में गया हुआ था। गुरुवार की शाम वह घर लौटा था। उसने अपनी पत्नी चंद्रमुनी कोरवा से खाना मांगा, तो उसने बताया कि पड़ोस में शादी है, तो वहां से भोजन का न्योता है, इसलिए अभी उसने खाना नहीं बनाया है। इसी बात पर पति भड़क गया और पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। उसने अपनी पत्नी को निर्वस्त्र किया, फिर लोहे की रॉड से मारने लगा।

शोरगुल सुनकर रात के 9 बजे के आसपास गांववाले भी सत्यप्रकाश के घर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन शराब के नशे में चूर आरोपी ने ग्रामीणों के साथ गालीगलौज कर उन्हें भगा दिया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद भी वो अपनी पत्नी को पीटता रहा, जमीन पर घसीटता रहा। महिला पूरी तरह से लहूलुहान हो गई। बाद में महिला चंद्रमुनी बेहोश हाे गई। इसके बाद भी पति ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया और ऐसे ही छोड़ दिया।

शुक्रवार तड़के चंद्रमुनी को होश आया, तो उसने नहाने की इच्छा जताई। इस पर पति ने उसे घर के आंगन में नहलाया। इसके बाद बगल के कमरे में सो रही अपनी मां को जगाया और कहा कि बहू का हाथ-पैर अकड़ रहा है, थोड़ा तेल लगा दो। इस पर सुबह 5 बजे के आसपास सास ने अपनी बहू को तेल लगाकर मालिश भी की। तेल मालिश करते समय महिला ने अपनी सास से पीने के लिए पानी मांगा। उसकी सास जब तक पानी का ग्लास लेकर आती, उसकी मौत हो गई।

इधर आरोपी पति ने अपनी पत्नी के तबीयत खराब होने की बात घरवालों को बताई। हालांकि उसकी बेटी ने अपने पिता को मां के साथ बेरहमी से मारपीट करते देखा था, साथ ही तड़के नहलाते भी देखा था, इसलिए उसे पता था कि पिता ने मां की हत्या कर दी है। वहीं शुक्रवार की सुबह कोरवा समाज के लोग व सगे संबंधी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। सभी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इनमें से ही किसी गांववाले ने पुलिस को सूचना दी।


Next Story