छत्तीसगढ़
रायपुर में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस-नगर निगम का संयुक्त अभियान
Shantanu Roy
29 Dec 2025 8:08 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस एवं नगर निगम टीम ‘प्रहरी’ द्वारा रिंग रोड नंबर-1 पर संयुक्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला तथा उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर के नेतृत्व में की गई। अभियान के तहत रिंग रोड नंबर-1 के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों, अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। संयुक्त टीम ने टाटीबंध चौक से पचपेड़ी नाका चौक तक सर्विस रोड का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़े पाए गए। कार्रवाई के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 89 वाहनों के विरुद्ध नो-पार्किंग की धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग न केवल यातायात बाधित करती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाती है।
अभियान के दौरान रिंग रोड किनारे स्थित मोटर गैरेजों के सामने लंबे समय से अवैध रूप से खड़ी कंडम और अनुपयोगी गाड़ियों को भी हटाया गया। क्रेन वाहन की सहायता से कुल 20 वाहनों को उठाकर यार्ड में डंप कराया गया, जिससे सड़क को पूरी तरह क्लियर किया जा सका। साथ ही संबंधित गैरेज मालिकों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम टीम ‘प्रहरी’ ने भी अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए। सर्विस रोड पर अवैध रूप से लगाए गए 4 फल ठेले और कबाड़ी दुकान के सामने खड़े 2 हाथ ठेलों को जब्त किया गया। इसके अलावा ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने अवैध पार्किंग के लिए लगाए गए खंभों और चैन को भी हटाकर जब्त किया गया।
संबंधित पक्षों को दोबारा ऐसी व्यवस्था न करने की चेतावनी दी गई। यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात सुगम बना रहे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सार्वजनिक मार्गों में अनावश्यक पार्किंग कर यातायात बाधित न करें। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल स्वयं सुरक्षित रहा जा सकता है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tagsरायपुर पुलिसनगर निगम टीम प्रहरीरिंग रोड नंबर-1अवैध पार्किंगयातायात पुलिसनो पार्किंग चालानअतिक्रमण हटाओ अभियानक्रेन कार्रवाईमोटरयान अधिनियमट्रैफिक व्यवस्थासड़क सुरक्षाRaipur PoliceMunicipal Corporation Team GuardRing Road No. 1Illegal ParkingTraffic PoliceNo Parking ChallanEncroachment Removal CampaignCrane ActionMotor Vehicle ActTraffic SystemRoad Safety
Next Story





