छत्तीसगढ़

राज्योत्सव और रायपुर बंद को लेकर पुलिस अलर्ट

Shantanu Roy
30 Oct 2025 10:40 PM IST
राज्योत्सव और रायपुर बंद को लेकर पुलिस अलर्ट
x
छग
Raipur. रायपुर। आगामी राज्योत्सव के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा छत्तीसगढ़ क्रांति सेना द्वारा कल 31 अक्टूबर को घोषित रायपुर बंद के मद्देनज़र रायपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह ने गुरुवार को सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन सभाकक्ष में राजपत्रित अधिकारियों की विशेष बैठक ली। बैठक में रायपुर शहर के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और सुरक्षा शाखा के अधिकारी मौजूद रहे। आईजी और एसएसपी ने राज्योत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, बदमाशी या हुल्लड़बाजी को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही रायपुर बंद के दौरान व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

आईजी अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, समूह या उपद्रवी गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि रायपुर में राज्योत्सव के दौरान भारी संख्या में लोग जुटेंगे, इसलिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नाइट पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी को और सशक्त बनाया जाए। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस को अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहना होगा। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बीट प्रणाली को सक्रिय रखते हुए हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखें।

पुलिस ने राज्योत्सव और बंद के दौरान भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों की निगरानी के लिए विशेष योजनाएं तैयार की हैं। इसके लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम), ट्रैफिक पुलिस और आरक्षित बलों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर बंद के दौरान किसी को भी जबरदस्ती दुकानें या बाजार बंद कराने की अनुमति नहीं दी जाएगी। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस दौरान पुलिस
अधिकारियों
को यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें और किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति से सख्ती से निपटें। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में दें। राजधानी में राज्योत्सव और रायपुर बंद के मद्देनज़र पुलिस का यह सतर्क रुख सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next Story