छत्तीसगढ़

PDS खाद्यान्न मामले में पुलिस का एक्शन, लाखों की अनियमितता का आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 Sept 2026 5:11 PM IST
PDS खाद्यान्न मामले में पुलिस का एक्शन, लाखों की अनियमितता का आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय राशन की कमी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धरमजयगढ़ विकासखंड के गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न कमी मामले के फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान (49 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जिले में शासकीय खाद्यान्न में अनियमितता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित उचित मूल्य दुकानों में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी।

गनपतपुर राशन दुकान में 18 लाख से अधिक की कमी
ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में खाद्य विभाग ने बड़ी मात्रा में खाद्यान्न की कमी पाई थी। जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। इसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई। जांच में सामने आया कि दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान पिता याकुब खान निवासी पीपरमार थाना धरमजयगढ़ द्वारा किया जा रहा था। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट और पंचनामा के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी शाहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में इलाज करा रहा था। इसके बाद चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।

ससकोबा मामले में भी दर्ज है अपराध
इसी तरह ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच में भी भारी मात्रा में खाद्यान्न की कमी मिली थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया था। इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये बताई गई। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। इसमें उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में अभी कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story