छत्तीसगढ़
नॉर्थ जोन में पुलिस का एक्शन, चाकू लेकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
7 Sept 2026 9:02 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और बदमाशों की जांच-पड़ताल करते हुए कार्रवाई की। अभियान के दौरान चाकू लेकर घूम रहे एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि क्षेत्र में अशांति फैलाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 19 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना पंडरी, गुढ़ियारी, खमतराई और उरला क्षेत्र में की गई। पुलिस द्वारा विशेष रूप से धारदार हथियार और चाकू लेकर घूमने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा ऐसे लोगों की भी पतासाजी की जा रही है, जिनकी गतिविधियां क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आदित्य पांडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वहीं एसीपी पंडरी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर और एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना पुलिस ने अभियान को अंजाम दिया।
चाकू के साथ आरोपी पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
थाना उरला पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान गणेश ध्रुव पिता श्याम रतन ध्रुव, उम्र 22 वर्ष, निवासी शिव नगर बीरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 449/2025 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या विवाद की स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
19 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सिर्फ हथियार रखने वालों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों के विरुद्ध भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। थाना पंडरी पुलिस ने धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत दो प्रकरणों में कुल चार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना गुढ़ियारी पुलिस ने इसी धाराओं के तहत दो प्रकरणों में दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसी तरह थाना खमतराई पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत सात प्रकरणों में आठ व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना उरला पुलिस ने धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत तीन प्रकरणों में पांच व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस प्रकार नॉर्थ जोन पुलिस ने कुल 14 प्रकरणों में 19 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर पहले से नियंत्रण करना है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वाले लोगों, आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाशों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का फोकस ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ समय रहते कार्रवाई करने पर है, ताकि शहर में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।
Next Story





