छत्तीसगढ़

लाखेनगर चौक में फुटपाथ पर रखे जूते-चप्पलों पर पुलिस की कार्रवाई, दुकान संचालक गिरफ्तार

Shantanu Roy
21 April 2026 7:20 PM IST
लाखेनगर चौक में फुटपाथ पर रखे जूते-चप्पलों पर पुलिस की कार्रवाई, दुकान संचालक गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। आजाद चौक थाना पुलिस ने 21 अप्रैल 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान लाखे नगर चौक क्षेत्र में अवैध रूप से फुटपाथ पर सामान रखने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई हमराह पेट्रोलिंग स्टाफ द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान की गई, जब स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने शिकायत की कि एक दुकान के बाहर जूते-चप्पल सड़क और फुटपाथ पर अव्यवस्थित तरीके से रखे गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि “इशिका शू शॉप” के बाहर भारी मात्रा में जूते-चप्पल फुटपाथ और सड़क किनारे रखे गए थे। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी और यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिसने दुकान संचालक सोनू केवल रहमानी, पिता कमल केवल रहमानी को समझाइश दी कि वह सामान हटाकर व्यवस्था बनाए, लेकिन संचालक ने निर्देशों का पालन नहीं किया।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गवाहों की मौजूदगी में जप्ती पत्रक तैयार किया। इस दौरान आशु पाल और राहुल जेठानी गवाह के रूप में मौजूद रहे। पुलिस ने दुकान के सामने रखे सामान को जप्त किया, जिसमें एक कैंपस का कार्टन, एमपीएल लेडीज चप्पल के 19 पैकेट, एक कार्टन में 14 जोड़ी जूते, तथा एक पैरामाउंट कार्टन में 21 पैकेट किड्स जूते शामिल थे। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 25,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का यह कृत्य सार्वजनिक मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने और नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इस आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया और थाना लाया गया।

चूंकि मामला जमानतीय पाया गया, इसलिए सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया। इसके साथ ही जब्त सामान को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। थाना आजाद चौक पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे अतिक्रमण के कारण आम जनता को काफी परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों का उपयोग नियमों के अनुसार करें और किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न करें।
Next Story