छत्तीसगढ़

पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरजिला गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड़

jantaserishta.com
28 Jan 2026 7:16 PM IST
पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरजिला गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड़
x
छत्तीसगढ़.
आरंग: आरंग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से कुल 13 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए DSP लम्बोदर पटेल ने बताया कि प्रार्थी राजकुमार टंडन, जो ग्राम गुल्लू में ‘राजहंस चॉइस सेंटर’ चलाते हैं और गैस वितरण का कार्य करते हैं, ने 27 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 20 जनवरी को जब वे निजी काम से आरंग गए थे, तब अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान के सामने रखे सिलेंडरों में से 04 भरे हुए एचपी सिलेंडर पार कर दिए थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा पर अपने साथी के साथ सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही की लोकेशन रायपुर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में मिली। आरंग पुलिस की टीम ने तत्काल दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी कन्हैयालाल राजपाल सिंधी को उसके घर के पीछे से भागते हुए पकड़ा।कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कन्हैयालाल ने अपने साथी मुकेश कुकरेजा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह लंबे समय से रायपुर और महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय था। उसने अब तक की गई चोरियों का विवरण भी दिया है-
दिसंबर 2025: पटेवा (महासमुंद) से 02 सिलेंडर।
04 जनवरी 2026: गुढ़ियारी(रायपुर) से 02 सिलेंडर।
10 जनवरी 2026: बसना कॉलोनी (महासमुंद) से 01 सिलेंडर।
13 जनवरी 2026: अभनपुर से 02 सिलेंडर।
25 जनवरी 2026: सांकरा-भगतदेवरी (महासमुंद) से 02 सिलेंडर।
माल खरीदने वाला दुकानदार भी धराया
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गुढ़ियारी स्थित ‘गुप्ता बर्तन दुकान’ पर छापा मारा। दुकानदार विकास कुमार गुप्ता चोरी के सिलेंडरों को कम दाम में खरीदता था। पुलिस ने उसकी दुकान से चोरी के 11 खाली सिलेंडर बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी कन्हैयालाल राजपाल सिंधी एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रायपुर के पुरानी बस्ती, टिकरापारा और देवेंद्र नगर थानों में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
कन्हैयालाल राजपाल सिंधी (48 वर्ष): निवासी न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
विकास कुमार गुप्ता (23 वर्ष): निवासी गुढ़ियारी, रायपुर।
इस पूरी कार्रवाई में सउनि पुष्पानंद ध्रुव, प्रआर प्रदीप त्रिपाठी, आरक्षक युगलकिशोर चन्द्राकर और सैनिक दुर्गेश चन्द्राकर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story