
x
छग
Raipur रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पद पर सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से इस महीनेभर के अभियान को प्रत्येक बूथ और घर तक पहुंचाकर जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया है। गुरुवार को सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मार्गदर्शन में लाखे नगर और भाठागांव मंडल की संयुक्त कार्यसमिति बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा तैयार करने के साथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा, अंत्योदय और गरीब कल्याण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के अपने 25 वर्षों के कार्यकाल में मोदी ने देश के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए लगातार काम किया है। इस अवधि को जनता के बीच सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे केवल राजनीतिक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी के संकल्प के तौर पर लेने की अपील की।
कार्यशाला में तय किया गया कि अभियान के दौरान मंडल स्तर पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क किया जाएगा। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और मुद्रा योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मेलन आयोजित करने की भी योजना है।
बैठक में दोनों मंडलों के पदाधिकारियों, वार्ड पार्षदों और शक्ति केंद्र प्रभारियों को बूथवार जिम्मेदारियां दी गईं। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। कार्यक्रम में भाठागांव मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, लाखे नगर मंडल अध्यक्ष सचिन सिंघल, जोन अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, विजय अग्रवाल, पार्षद, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजक और दोनों मंडलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Next Story





