PM मोदी ने सारागांव हादसे पर जताया दुःख, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की

रायपुर। PM मोदी ने रायपुर सारागांव सड़क हादसे पर दुःख जताया है, साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है। पीएमओ ने अपने ट्वीट में बताया, रायपुर, छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दुःखी हूँ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
आगे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री साय ने घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि रायपुर के खरोरा इलाके में रविवार देर रात मिनी ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं। ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।





