
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत खरसिया पुलिस ने ग्राम अंजोरीपाली में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी शराब को बिक्री के लिए लेकर आया था और नर्सरी के सामने ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। उसके कब्जे से करीब 2 हजार रुपए कीमत की महुआ शराब जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अंजोरीपाली स्थित नर्सरी के सामने कुछ लोग अवैध शराब लेकर पहुंचे हैं और बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया। टीम ने ग्राम अंजोरीपाली पहुंचकर नर्सरी के सामने संबंधित स्थान की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद सफेद रंग की प्लास्टिक जरीकेन की जांच की।
पुलिस के अनुसार, जरीकेन में हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पूछताछ में युवक ने अपना नाम चूड़ामणी राठिया (25), निवासी डबरीपारा अंजोरीपाली बताया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने शराब को बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से 10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 हजार रुपए बताई गई है। बरामद शराब के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की लगातार पहचान की जा रही है। इसके तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई का नेतृत्व खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने किया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक धनंजय प्रसाद कश्यप, कीर्ति सिदार, साविल चन्द्रा और महिला आरक्षक प्रियंका मिंज की भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से भी अपने आसपास अवैध शराब के निर्माण या बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story





