छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गुलाबी ठंड: अंबिकापुर में पारा 11.4 डिग्री तक लुढ़का, जानिए बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम का प्रदेश पर क्या होगा असर

Shubhra Nandy
13 Nov 2026 8:49 AM IST
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गुलाबी ठंड: अंबिकापुर में पारा 11.4 डिग्री तक लुढ़का, जानिए बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम का प्रदेश पर क्या होगा असर
x
रायपुर : छत्तीसगढ़ में अब सुबह और रात की ठंडक धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन के समय दुर्ग 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
बंगाल की खाड़ी में हलचल तेज, बन रहा नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से आज 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा और 14 नवंबर तक एक सुस्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर के आसपास इसी क्षेत्र में इसके और मजबूत होकर 'अवदाब' (Depression) में तब्दील होने की संभावना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस सिस्टम का छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा और आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
राजधानी रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर के स्थानीय पूर्वानुमान की बात करें तो आज 13 नवंबर को शहर का आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। दिन में हल्की धूप खिली रहेगी, जबकि रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
Next Story