छत्तीसगढ़

पेट्रोल पंप संचालिका की गला रेंतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Admin2
23 Aug 2021 5:37 PM GMT
पेट्रोल पंप संचालिका की गला रेंतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
x

अंबिकापुर। महाराणा प्रताप नगर में रहने वाली पेट्रोल पंप संचालिका शांति पटेल की अंबिकापुर में चाकू से गला रेंत कर हत्या कर दी गई है। करीब चार साल पहले धोखाधड़ी का मामला मृतका के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया था। जमानत पर छूटने के बाद से वह अंबिकापुर के सुभाषनगर में किराए के मकान में रह रही थी।

शांति पटेल पति स्व पीके सेठी 60 वर्ष का पेट्रोल पंप कुसमुंडा में संचालित है। पिछले कुछ वर्षो से वह संचालन के लिए अनुबंध कर किराए पर प्रदान कर दी है। महाराणा प्रताप नगर के एचआइजी में स्थित एक करोड़ से अधिक कीमत के मकान को बेचे जाने को लेकर करीब चार साल पहले विवाद हुआ। किराए में रहने वाले व्यक्ति का दावा है कि शांति पटेल ने उसे मकान बेच कर रूपये ले लिए हैं, पर रजिस्ट्री नहीं करा रही।
पुलिस ने शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला पंजीबद्ध कर शांति पटेल को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की थी। जमानत पर छूटने के बाद वह अंबिकापुर चली गई और वहां गांधीनगर थाना अंतर्गत सुभाषनगर में बिश्रामपुर निवासी शशि के मकान में किराए से रहने लगी। रविवार को शांति के घर में रिश्ते में नाती गांधीनगर अंबिकापुर निवासी विक्की पटेल पहुंचा तो सामने मुख्य प्रवेश द्वार का ताला खुला था। अंदर जाने पर कार नहीं थी और गेट में ताला बंद था। इसकी जानकारी वह अपने पिता रमाशंकर पटेल को दिया।
स्वजनों ने सोचा रक्षाबंधन में कहीं घूमने गई होगी, लेकिन जब शिक्षिका के मोबाइल फोन में उन्होंने काल किया, तो किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाया। पूछने पर उसने स्वयं का नंबर होने की जानकारी दी और कहा काल डायवर्ट करने के कारण उसके मोबाइल में फोन आ रहा होगा। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया था। इसके पहले शुक्रवार अपरान्ह तीन से चार बजे के बीच परिवार के कुछ लोगों से शिक्षिका शांति पटेल की बात हुई थी। मोबाइल पर भी संपर्क नहीं होने पर स्वजनों ने इसकी जानकारी गांधीनगर पुलिस को दी।
पुलिस घर के अंदर पहुंची तो पूजा कमरे से लगे हाल में महिला की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई थी। घटनास्थल से चाकू भी बरामद किया गया है, माना जा रहा है कि हाथ- पैर बांध कर इस हथियार से ही गला रेत कर हत्या की गई है। पुलिस इस मामले को लेकर आसपास के लोगों व स्वजनों से जानकारी ली जा रही है। सरगुजा के एएसपी चंचल तिवारी का कहना है कि अंधे कत्ल के इस मामले की जांच की जा रही। प्रारंभिक तौर पर संपत्ति विवाद सामने आया है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं लूटपाट की घटना से तो यह मामला नहीं जुड़ा है।
Next Story