छत्तीसगढ़

पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ मारपीट, पटाखा फोड़ने को लेकर पूर्व में हुआ था विवाद

Nil dhankar
30 Jun 2022 5:23 PM IST
पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ मारपीट, पटाखा फोड़ने को लेकर पूर्व में हुआ था विवाद
x

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के लोफंदी में आठ महीने पहले दीपावली के दिन पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद युवकों ने रविवार को अकलतरा में रहने वाले युवक की पिटाई कर दी। मारपीट से घायल युवक अपने गांव अकलतरा लौट गया। वहां उसने थाने में इसकी शिकायत की। शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर कोनी थाने भेजा है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

अकलतरा में रहने वाले ओमप्रकाश देवांगन(32) पेट्रोल पंप में काम करते हैं। 26 जून को वे अपने साथी प्रमोद देवांगन, चंद्रमोहन साहू के साथ कोनी क्षेत्र के लोफंदी गांव घूमने के लिए आए थे। यहां पर उनके रिश्तेदार रहते हैं। शाम सात बजे वे गांव लौट रहे थे। गांव के बाहर निकलते ही लोफंदी में रहने वाले नंदकिशोर, शिवा, मुकेश साहू और प्रमोद ने उन्हें रोक लिया। चारों ने उन्हें दीपावली के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद को लेकर गालियां देनी शुरू कर दी। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

इसका विरोध करने पर चारों ने ओमप्रकाश की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उनके साथी प्रमोद और चंद्रमोहन अपनी बाइक में पीछे थे। प्रमोद और चंद्रमोहन ने वहां पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद मारपीट करने वाले युवक वहां से भाग निकले। मारपीट से घायल युवक अकलतरा लौट गया। उपचार के बाद उसने घटना की शिकायत अकलतरा थाने में की है। इस पर पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर लिया। अकलतरा पुलिस ने मामले की डायरी कोनी थाने में भेज दी। कोनी पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर लिया है।


Next Story