
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़। धरमपुरा स्थित शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 14 मई (गुरुवार) को पीईटी प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 269 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक संपन्न होगी।
प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश के समय प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का मिलान अनिवार्य रहेगा। यदि किसी अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र में फोटो संबंधी त्रुटि है तो उसे दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।
परीक्षा में सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनने की अनुमति होगी। जूते, मोजे, घड़ी, मोबाइल, बेल्ट और किसी भी प्रकार के आभूषण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा की निगरानी के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर भी व्यवस्था संभालेंगे। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
Next Story





