छत्तीसगढ़
स्टंट दिखाना पड़ा महंगा, यातायात पुलिस ने युवकों की बाइक की जब्त
Shantanu Roy
14 Aug 2026 11:49 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। शहर के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर बाइक से स्टंट और तेज रफ्तार में वाहन चलाना दो युवकों को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया और वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 12 हजार रुपये का चालान किया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे थे। कार्रवाई के बाद उनके पालकों को बुलाकर समझाइश दी गई और बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन नहीं देने की हिदायत दी गई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस को आम नागरिक से शिकायत मिली थी कि सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर दो युवक मोटरसाइकिल से स्टंट कर रहे हैं और तेज गति से वाहन चला रहे हैं। उनकी इस लापरवाही से सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविक सेंटर यातायात जोन प्रभारी ने मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
यातायात पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों बाइक चालकों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया। जांच के दौरान दोनों चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। इसके बाद उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और कुल 12 हजार रुपये का चालान काटा गया।
पालकों को बुलाकर दी गई समझाइश
पुलिस ने दोनों युवकों के पालकों को यातायात कार्यालय बुलाया। इस दौरान उन्हें बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और बिना लाइसेंस वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र के वाहन चालकों द्वारा तेज रफ्तार और स्टंट जैसी गतिविधियां स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती हैं। इसके अलावा बिना लाइसेंस वाहन चलाने के मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है।
स्टंटबाजी करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, रेसिंग और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क पर स्टंट करता है या तेज रफ्तार में वाहन चलाकर दूसरों की जान खतरे में डालता है, तो इसकी सूचना यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479192029 पर दें। पुलिस ने कहा कि सड़क स्टंट करने की जगह नहीं है। सुरक्षित यातायात के लिए सभी नागरिकों को नियमों का पालन करना जरूरी है।
Tagsदुर्ग ट्रैफिक पुलिसबाइक स्टंटसेंट्रल एवेन्यूतेज रफ्तार बाइकयातायात नियम उल्लंघनचालान कार्रवाईबाइक जब्तीसड़क सुरक्षाबिना लाइसेंस वाहनछत्तीसगढ़ पुलिसDurg Traffic Policebike stuntsCentral Avenuespeeding bikestraffic rule violationschallan enforcementbike seizureroad safetydriving without a licenseChhattisgarh Police.
Next Story





