छत्तीसगढ़

शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जनप्रतिनिधि और अधिकारी समन्वय के साथ करें कार्य - सांसद महंत

Nil dhankar
12 March 2023 3:49 PM IST
शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जनप्रतिनिधि और अधिकारी समन्वय के साथ करें कार्य - सांसद महंत
x

कोरिया। लोकसभा सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वयक और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में महंत ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की जानकारी ली तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में सभी कार्यों की स्थिति संतोषप्रद है, जिला अधिकारी विभागीय योजनाओं तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में जनहित को ध्यान में रख लम्बित कार्यों को जल्द पूर्ण करें तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें।

बैठक में महंत ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक उपकरणों तथा पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता, सहायिका समय पर उपस्थित हों। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजनान्तर्गत जिले में हुए कार्यों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराएं तथा सभी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द कार्य पूर्ण करें, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ना हो। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घर-घर तक बिजली पहुंचे,जहां ट्रांसफार्मर की समस्या है वहां तत्काल समस्या का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों को विभिन्न गतिविधियों में शामिल करें जिससे वे बेहतर प्रशासन में सहभागिता दे सकें। इसके साथ ही उन्होंने लोगों की सुविधा हेतु तालाब गहरीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट, जल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधयों से कहा कि क्षेत्र भ्रमण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिधि तथा अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि लोगों को लाभ मिल सके।

Next Story