छत्तीसगढ़

जन्माष्टमी पर यादव समाज के लोगों ने शहर में निकाली भव्य शोभायात्रा

Nilmani Pal
8 Sep 2023 4:23 AM GMT
जन्माष्टमी पर यादव समाज के लोगों ने शहर में निकाली भव्य शोभायात्रा
x

राजनांदगांव। जष्माष्टमी के शुभ अवसर पर यादव समाज ने शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। भगवान श्री कृष्ण के भजनों में भक्तगण तेज बारिश होने के बाद भी झुमते दिखे। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जिलेभर में हर्षोल्लास से मना मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। घरों में भगवान श्री कृष्ण विराजित हुए भक्तों ने देर रात तक भजन कीर्तन कर उनकी विधि विधान से पूजा अर्चना की। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष के अष्टमी तिथि की मध्य रात्रि को घरों एवं मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।

इस बार जन्माष्टमी पर्व दो दिनों तक मना कुछ लोगों ने 6 सितंबर की रात जन्माष्टमी पर्व मनाया। वहीं बड़ी संख्या में भक्तों ने 7 सितंबर की रात को भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर यह पर्व मनाया। दोनों दिनों का पर्व होने के कारण गुरुवार को भी शहर के बीच जय स्तंभ चौक में पूजन सामग्री की दुकानें खुली रही। बाजार में बड़ी सख्या में पहुंचे ग्राहकों ने खरीदी भी की। मिठाई, फल, फुल, पूजन सामग्री की बिक्री हुई। मूर्तिकारों ने भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमाएं तैयार की थी जिसे भक्तों द्वारा बाजे-गाजे के साथ विराजित किया गया। शोभायात्रा का पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने स्वागत किया एवं इस शोभायात्रा में शामिल हो गए।

शोभायात्रा का शहर में कई जगह भव्य स्वागत

शहर में निकली शोभायात्रा का शहर में कई जगहों पर भव्य स्वागत किया गया। कई जगह भंडारा एवं प्रसादी वितरण भी किया गया। यादव समाज के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी भगवान श्री कृष्ण की विधि विधान से पूजा अर्चना की एवं शोभायात्रा में उत्साह के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा में बच्चे भगवान श्री कृष्ण-राधा, भगवान शिव एवं अन्य देवी देवताओं की वेशभूषा में दिखाई दिए। बड़ी संख्या में डीजे और विभिन्न प्रकार के बाजे-गाजे साथ शाभायात्रा निकाली गई जिसकी झांकी में राधा-कृष्ण आकर्षण का केन्द्र रहे।

शोभायात्रा में दिखाई दी छत्तीसगढ़ी संस्कृति

शोभायात्रा में राउत नाचा का विशेष आयोजन किया गया। इस टोली के नृत्य ने लोगों को आकर्षित किया। शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं छत्तीसगढ़ परिधान एवं आभूषणों में सुसज्जित दिखी। वहीं बड़ी संख्या में बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में दिखे। इसके अलावा कुछ बच्चों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती का रुप धारण किया था जो विशाल रथ में नगर भ्रमण करते रहे। बारिश के दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण छाते लेकर इस शोभायात्रा के समापन तक शामिल रहे।

भव्य दही लूट स्पर्धा 9 को

अवतार कल्चरल सोसाइटी के द्वारा कमला कॉलेज चौक में 9 सितंबर को शाम 4 बजे से दही लूट स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार 61 हजार रुपए रखा गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन साहू ने बताया दही लूट स्पर्धा में भव्य डीजे साउंड एवं डिस्को लाइटें आकर्षण का केन्द्र रहेगी। केवल भजन एवं दही लूट से संबधित गानों एवं भजन होंगे। स्पर्धा की भव्य रुप से तैयारी की जा रही है। इसके अलावा शहर एवं जिले के अन्य इलाकों में भी दही लूट स्पर्धा की तैयारी की गई खासकर बच्चों में ज्यादा उत्साह है।

Next Story