
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गई, वहीं पति को मामूली चोट लगी है। दंपति अपनी स्कूटी से भिलाईखुर्द से जांजगीर जिले के बम्हनीडीह जाने के लिए निकले थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
उरगा थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर बसंत कुमार साहू ने बताया कि कोयला लोडेड ट्रेलर की चपेट में आकर पत्नी ज्योति पटेल (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति रामाधार पटेल को मामूली चोट आई है। उन्होंने कहा कि आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसा कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा थाने के सामने ही हुआ। रामाधार जांजगीर जिले के बम्हनीडीह स्थित सिंचाई विभाग में चपरासी के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि भिलाईखुर्द उसका अपना गांव है और छुट्टियों में कुछ दिन पहले वो यहां अपनी पत्नी के साथ आया हुआ था। छुट्टियां खत्म होने पर बुधवार को पत्नी ज्योति के साथ वो जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह जाने के लिए निकला था, जहां वो पोस्टेड है। लेकिन सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गई। उसके 3 बेटे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं।





