छत्तीसगढ़

जमीन नापजोख के दौरान पटवारी पर हमला, सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप

Shantanu Roy
4 July 2026 6:38 PM IST
जमीन नापजोख के दौरान पटवारी पर हमला, सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप
x
छग
Surguja. सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटबर्रा में जमीन बंटवारे की नापजोख के दौरान पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में पटवारी से गाली-गलौज करने, मारपीट करने और सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार कुन्नी (लखनपुर) के आदेश पर हल्का नंबर 27, ग्राम लब्जी के पटवारी सुबोध लकड़ा शुक्रवार को ग्राम कोटबर्रा में फर्द बंटवारे की कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। यह बंटवारा घनश्याम नामक व्यक्ति के आवेदन पर किया जा रहा था।

बताया गया कि नापजोख के दौरान गांव के ही कुछ लोग मौके पर पहुंचे और आपत्ति जताने लगे। आरोप है कि जगदीश, बलदेव, विष्णु, सहत और कंतर ने पटवारी से बहस करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पटवारी ने कार्य जारी रखने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। पटवारी सुबोध लकड़ा ने बताया कि आरोपियों ने “हमारी जमीन क्यों नाप रहे हो” कहते हुए हमला किया और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। इस दौरान सरकारी दस्तावेज भी छीन लिए गए, जिससे बंटवारे की प्रक्रिया बीच में ही रोकनी पड़ी। घटना के बाद पटवारी ने इसकी जानकारी तत्काल पटवारी संघ के पदाधिकारियों को दी।

इसके बाद वह स्वयं लखनपुर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने भी थाने पहुंचकर पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों जगदीश, उसके पिता बलदेव, विष्णु, सहत राम और कंतर राम के खिलाफ विभिन्न धाराओं 115(2), 121, 191(2), 221, 296(बी), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। लखनपुर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर नजर रखी हुई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारी पर हमला करने जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story