छत्तीसगढ़
अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
26 Nov 2026 2:29 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घरघोड़ा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोरडा निवासी 37 वर्षीय शिवानंद गिरी पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2026 को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर पटवारी ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण की जांच एवं मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी उनके साथ मौजूद थे।
मौका निरीक्षण के दौरान पटवारी ने पाया कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी द्वारा संबंधित शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य एक-दो दिनों के लिए रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन के माध्यम से संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार इसके बावजूद वह निर्माण कार्य रोकने के लिए तैयार नहीं हुआ और विवाद करने लगा। आरोप है कि जब पटवारी शिवानंद गिरी मौके से जाने लगे, तभी प्यारीलाल गुप्ता ने निर्माण कार्य की सूचना देने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने कथित रूप से हाथ-मुक्कों और डंडे से पटवारी के साथ मारपीट की। पटवारी द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
शिकायत में बताया गया है कि प्यारीलाल गुप्ता को पटवारी के शासकीय सेवक होने की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने कथित तौर पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के उद्देश्य से मारपीट की। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और आरोप है कि उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 366/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार मामले में गैर जमानतीय धाराएं भी लगाई गई हैं।
विवेचना के दौरान 25 नवंबर को घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान ग्राम रायकेरा निवासी 53 वर्षीय विजय गुप्ता पिता बैरागी गुप्ता को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में दूसरा आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए घरघोड़ा पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है। इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय कार्यों के निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने और शासकीय सेवकों के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच के दौरान हुई कथित मारपीट के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दूसरे आरोपी की तलाश और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
Tagsरायगढ़ पटवारी से मारपीटघरघोड़ा पुलिस कार्रवाईशासकीय भूमि अतिक्रमणरायगढ़ अपराध समाचाररायगढ़ अपराधपटवारी से मारपीटशासकीय भूमिभूमि अतिक्रमणRaigarh Patwari assaultedGharghodha police actionencroachment of government landRaigarh crime newsRaigarh crimePatwari assaultedgovernment landland encroachment
Next Story





