छत्तीसगढ़

स्पोर्ट्स बाइक के शौक ने बनाया चोर, डुप्लीकेट चाबी की दुकान पर खुली पोल

Shantanu Roy
8 Sept 2026 8:03 PM IST
स्पोर्ट्स बाइक के शौक ने बनाया चोर, डुप्लीकेट चाबी की दुकान पर खुली पोल
x
छग
Korba. कोरबा। महंगी बाइक चलाने का शौक तीन दोस्तों को चोरी के रास्ते पर ले गया। पैसे नहीं होने के कारण तीनों ने बाइक चोरी करने की योजना बनाई और बांकीमोंगरा क्षेत्र से स्पोर्ट्स बाइक पल्सर RS 200 चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपी बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए कोरबा के टीपी नगर स्थित एक दुकान पर पहुंच गए। यही गलती उनके लिए भारी पड़ गई। दुकानदार को बाइक को लेकर संदेह हुआ और उसने चुपचाप पुलिस को सूचना दे दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू को पकड़ लिया। उसके साथ दो नाबालिगों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार कुदरीपारा नंबर-2, मेन रोड बांकीमोंगरा निवासी देव कुमार अहिरवार ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 5 सितंबर की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी पल्सर RS 200 बाइक क्रमांक CG 12 BT 6722 को दुकान के सामने लॉक करके खड़ा किया था। बाइक की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब उन्होंने देखा तो बाइक मौके से गायब थी। बाइक चोरी होने की शिकायत पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की बाइक को लेकर आरोपी टीपी नगर स्थित एक चाबी बनाने वाली दुकान पर पहुंचे थे। उनका मकसद बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाना था। लेकिन यहां आरोपियों की एक गलती ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जिस बाइक की चाबी बनवाने आरोपी पहुंचे थे, उसके मालिक का रिश्तेदार भी टीपी नगर में ही डुप्लीकेट चाबी बनाने की दुकान संचालित करता है।
दुकानदार को बाइक और आरोपियों की गतिविधियों पर शक हुआ। उसने बिना आरोपियों को भनक लगे डायल 112 को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। मुखबिर की सूचना और डायल 112 की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू, पिता विक्रमलाल निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि तीनों ने बांकीमोंगरा क्षेत्र से पल्सर RS 200 बाइक CG 12 BT 6722 और कुसमुंडा क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी CG 12 BU 7208 चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों गाड़ियों को बरामद कर लिया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन को भी गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने महंगी बाइक चलाने का शौक होने की बात बताई। उनके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने बाइक चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं दोनों नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड, कोरबा के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
Next Story