छत्तीसगढ़

आवागमन ठप होने से राहगीर परेशान, बाढ़ से टूट गई पुलिया

Nil dhankar
9 Aug 2022 10:39 AM IST
आवागमन ठप होने से राहगीर परेशान, बाढ़ से टूट गई पुलिया
x

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में लगातार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दंतेवाड़ा में वर्षा का सबसे ज्यादा असर कटेकल्याण ब्लाक में देखने को मिल रहा है। यहां मोखपाल से कटेकल्याण ब्लाक मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह से कट गई है। पुलिया भी टूट गई है, जिससे अब इस सड़क से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।

मोखपाल से कटेकल्याण की दूरी 26 किलोमीटर की है। ये सड़क दर्जनों ग्राम पंचायत को ब्लाक मुख्यालय से जोड़ती थी। अब मोखपाल, महाराकरका, भुसारास, बड़े गुडरा, छोटे गुडरा, एटेपाल, पखनाचूहा जैसे कटेकल्याण ब्लाक की ग्राम पंचायत के लोगों को ब्लाक मुख्यालय के काम के लिए सौ किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ेगा। जबकि मोखपाल से पहले इसकी दूरी मात्र 26 किलोमीटर पड़ती थी। नक्सलियों द्वारा पुलिया के दोनों तरफ एप्रोच काट दिया गया था। साथ ही सैकड़ों जगह-सड़क काट दी गई थी। अब वहीं से पानी बहने की वजह से पुलिया की सड़क बह गई है, जिससे आवागमन इस रास्ते पर बंद हो गया है।

मोखपाल से कटेकल्याण सड़क कट जाने से इस क्षेत्र के कई स्कूल भी प्रभावित होंगे। साथ ही पीडीएस राशन की व्यवस्था भी बिगड़ेगी। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका असर दिखेगा। सड़क की मरम्‍मत का टेंडर हो गया है। पर वर्षा के बाद ही अब इस सड़क का काम चालू हो पाएगा।

Next Story