छत्तीसगढ़

देर रात राहगीर को घेरा, मारपीट कर मोबाइल-नगदी लूटी; 5 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
30 Aug 2026 6:53 PM IST
देर रात राहगीर को घेरा, मारपीट कर मोबाइल-नगदी लूटी; 5 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur रायपुर: गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राहगीर का रास्ता रोककर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल-नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बिलासपुर जिले के ग्राम चिल्हाती निवासी रोहित कुमार यादव (40) ने 30 अगस्त को गोबरा नवापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 29 अगस्त की रात वह अपने तूफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी की ओर जा रहा था। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा के पास कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। आरोपी उसका मोबाइल फोन और नगदी रकम भी लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सागर साहू (22), चंदन यादव (19), टीकम साहू (19), मुकेश नगराची (19) और घनश्याम निषाद (19) को गिरफ्तार किया। इनके अलावा घटना में शामिल चार अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडा और मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
Next Story