छत्तीसगढ़
ऑटो में उल्टी का बहाना बनाकर यात्री की जेब से 21 हजार पार, दो शातिर गिरफ्तार
Shantanu Roy
30 Oct 2026 11:46 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑटो में सवारी बनकर यात्री की जेब से 21 हजार रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को खमतराई थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया था। ऑटो में पहले से सवार एक आरोपी ने उल्टी करने का बहाना बनाकर यात्री का ध्यान भटकाया, जबकि दूसरे ने उसकी पैंट की जेब से नकदी निकाल ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 17,500 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की तलाश और धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खमतराई पुलिस ने ऑटो में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना 17 अक्टूबर 2026 की है। गाजीनगर बीरगांव निवासी हासीम खान अपने निजी काम से रायपुर शहर जाने के लिए गाजीनगर गेट के पास से एक ऑटो में सवार हुए थे। उस समय ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। यात्री को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके साथ चोरी की वारदात हो सकती है।
ऑटो जब व्यास तालाब चौक के पास पहुंचा, तभी उसमें बैठे एक व्यक्ति ने अचानक उल्टी करने का बहाना बनाया। इससे यात्री का ध्यान उसकी ओर चला गया। इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने मौका देखकर हासीम खान की पैंट की जेब में रखे 21 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद पीड़ित को अपनी रकम चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने 19 अक्टूबर को खमतराई थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1119/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके जरिए संदिग्ध ऑटो की पहचान करने का प्रयास किया गया। साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी बीच 29 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध ऑटो क्रमांक CG07 T 2800 भनपुरी चौक से टाटीबंध की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग पर घेराबंदी की और ऑटो को रोक लिया।
ऑटो में सवार दोनों संदिग्धों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान सोमनाथ शुक्ला और हरदीप सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने यात्री की जेब से 21 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सोमनाथ शुक्ला के कब्जे से 9 हजार रुपये और हरदीप सिंह के कब्जे से 8,500 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 17,500 रुपये नगद जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त घटना में इस्तेमाल ऑटो भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी सोमनाथ शुक्ला, उम्र 33 वर्ष, मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है।
वर्तमान में वह दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी हरदीप सिंह, उम्र 38 वर्ष, भिलाई पावर हाउस के कैंप-02 क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑटो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों में यात्रा करते समय अपने पैसे, मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति जानबूझकर ध्यान भटकाने का प्रयास करे तो सतर्क रहें। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें। राजधानी में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story





