छत्तीसगढ़

चिंगरापगार जलप्रपात में पार्किंग विवाद, पर्यटकों और ग्रामीणों में मारपीट

Shantanu Roy
12 July 2026 10:33 PM IST
चिंगरापगार जलप्रपात में पार्किंग विवाद, पर्यटकों और ग्रामीणों में मारपीट
x
छग
Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिंगरापगार जलप्रपात में पार्किंग विवाद को लेकर जमकर हंगामा हो गया। दुर्ग से पहुंचे कुछ युवकों और स्थानीय समिति के सदस्यों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले से कुछ युवक 2 से 3 चारपहिया वाहनों में सवार होकर चिंगरापगार जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पर्यटन स्थल पर दोपहर 3 बजे के बाद पर्यटकों के प्रवेश पर रोक रहती है। इसके बावजूद युवक अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, जिसको लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों और युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से भी बहस करने लगे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने युवकों के एक वाहन में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके से एक वाहन और उसमें सवार पांच युवकों को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे और पर्यटन स्थल के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि चिंगरापगार जलप्रपात में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है। वहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद में शामिल एक वाहन भारतीय जनता पार्टी के एक पदाधिकारी का था। आरोप है कि कुछ युवक राजनीतिक पहचान का हवाला देकर पुलिस और ग्रामीणों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो में युवक कथित तौर पर कहता नजर आ रहा है, “हम लोग भाजपा के कार्यकर्ता हैं, डरते नहीं हैं।” हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गरियाबंद जिले के पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की विवादित स्थिति से बचें।
Next Story