छत्तीसगढ़

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नई श्रम संहिताओं को ऐतिहासिक बताया

Shantanu Roy
21 Nov 2025 7:01 PM IST
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नई श्रम संहिताओं को ऐतिहासिक बताया
x
छग
Raipur. रायपुर। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने आज देश में लागू हुई नई श्रम संहिताओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। भावना बोहरा ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत सभी श्रमिकों को न्यूनतम वेतन समय पर प्राप्त होगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इसके अलावा युवाओं को नौकरी में नियुक्ति पत्र की गारंटी दी जाएगी, जिससे रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। महिलाओं के लिए यह संहिता समान वेतन और सम्मान सुनिश्चित करेगी, जिससे लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आगे बताया कि देश के 40 करोड़ से अधिक श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलेगी। फिक्स टर्म कर्मचारियों के लिए एक साल के बाद ग्रेच्युटी सुनिश्चित की गई है, जबकि 40 वर्ष से अधिक आयु वाले श्रमिकों को सालाना मुफ्त स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। ओवरटाइम काम करने पर उन्हें दोगुना वेतन मिलेगा। भावना बोहरा ने यह भी कहा कि जोखिम-भरे क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए 100% स्वास्थ्य सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सामाजिक न्याय की गारंटी दी गई है। यह सुधार केवल नियमों का बदलाव नहीं, बल्कि श्रमवीरों के कल्याण के लिए लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है।
उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और सरकारी योजनाओं और प्रावधानों का लाभ उठाएं। नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल श्रमिकों का जीवन सुरक्षित होगा, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति और औद्योगिक वातावरण भी मजबूत होगा। भावना बोहरा ने कहा कि यह कदम एक समावेशी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा परिवर्तनकारी कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री और प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से यह सुनिश्चित होगा कि श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता, न्याय और सुरक्षा की नई मिसाल स्थापित हो।
Next Story