
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: महासमुंद जिले में धान उपार्जन से जुड़ा बड़ा घोटाला सामने आया है। बम्हनी धान खरीदी केंद्र में किसानों के 3742 क्विंटल धान के गबन के मामले में पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के धान घोटाले का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी के अंतर्गत आने वाले धान उपार्जन केंद्र बम्हनी से जुड़ा है। 16 मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई थी। जांच में पाया गया कि किसानों का 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान स्टॉक में कम है। इसके बाद मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई और जांच शुरू की गई।
इस संबंध में 27 मई 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आर्थिक अपराध और सरकारी संपत्ति के गबन के मामले में जांच तेज कर दी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि धान की मात्रा में भारी गड़बड़ी और रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई, जिसके बाद केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, घोटाले की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
Next Story





