छत्तीसगढ़

बस्तर में 15 नवंबर से 88 केंद्रों पर धान खरीदी, 51 हजार से ज्यादा किसानों का पंजीयन

SHIDDHANT
10 Nov 2026 8:23 PM IST
बस्तर में 15 नवंबर से 88 केंद्रों पर धान खरीदी, 51 हजार से ज्यादा किसानों का पंजीयन
x
छत्तीसगढ़
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में इस बार कुल 88 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलेगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 9 नए धान खरीदी केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन के अनुसार, बस्तर जिले में अब तक 51 हजार 68 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों द्वारा कुल 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया गया है। धान खरीदी की तैयारियों के साथ ही किसानों को टोकन जारी करने की व्यवस्था भी निर्धारित कर दी गई है। इस बार किसानों की सुविधा के लिए 'किसान-तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने तय किया है कि कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन धान खरीदी केंद्रों और संबंधित समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
टोकन जारी करने के लिए किसानों की श्रेणी और पंजीकृत रकबे के आधार पर अलग-अलग सीमा तय की गई है। इसके अनुसार सीमांत किसानों को अधिकतम एक टोकन, लघु किसानों को दो टोकन और दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जाएंगे। किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही टोकन प्राप्त होंगे। प्रशासन द्वारा जारी नियमों के मुताबिक, ऑनलाइन टोकन पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। हालांकि शनिवार, रविवार और अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं की जाएगी। इसके अलावा टोकन जारी होने वाले दिन ही धान तौलने की तारीख का चयन नहीं किया जा सकेगा।
धान खरीदी व्यवस्था में बैंक और ऋण खातों का सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है। केवल उन्हीं किसानों को टोकन जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक और ऋण खाते सत्यापित होंगे। टोकन में धान की मात्रा प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के अनुपात में दर्ज करना भी जरूरी होगा। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करें और तय तारीख पर संबंधित खरीदी केंद्र पहुंचकर अपनी उपज बेचें।
Next Story