छत्तीसगढ़

खेत में धान, रिकॉर्ड में दूसरी फसल? अब चिंता की बात नहीं; किसानों की परेशानी दूर करने के लिए शासन ने जारी किए ये निर्देश

Shubhra Nandy
26 Nov 2026 10:32 AM IST
खेत में धान, रिकॉर्ड में दूसरी फसल? अब चिंता की बात नहीं; किसानों की परेशानी दूर करने के लिए शासन ने जारी किए ये निर्देश
x
खसरा संबंधी गड़बड़ियां होगी दूर
रायपुर : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को जमीन के रिकॉर्ड और फसल संबंधी तकनीकी विसंगतियों के कारण परेशान न होना पड़े, इसके लिए राज्य शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज खसरों की मैपिंग नहीं होने, वास्तविक फसल के स्थान पर दूसरी फसल दर्ज होने और डिजिटल सर्वेक्षण से छूट गए कृषि रकबे से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। इसके लिए खाद्य तथा राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का खेतों में जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापित जानकारी 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने और खसरा मैपिंग की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन ने किसानों के भूमि एवं फसल संबंधी अभिलेखों में दर्ज विसंगतियों को दूर करने पर जोर दिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसान तकनीकी या अभिलेखीय त्रुटियों के कारण समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने से वंचित न रहें। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर 2026 को आयोजित धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर यह पहल की गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने सभी जिला कलेक्टरों को संयुक्त रूप से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
15 जनवरी तक कराई जा सकेगी खसरा मैपिंग
प्रदेश में ऐसे किसान, जिनकी कृषि भूमि के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी समस्या के समाधान के लिए विशेष डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प दिया गया है। इसके माध्यम से भूमि संबंधी विवरण को समन्वित कर खसरा मैपिंग की समस्या का निराकरण किया जा सकेगा। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खसरा मैपिंग की सुविधा धान खरीदी की निर्धारित अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी।
खेतों में पहुंचकर जांचेंगे वास्तविक फसल
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) के दौरान जिन कृषि भूमियों में धान के स्थान पर दूसरी फसल दर्ज हो गई है, लेकिन संबंधित किसान वास्तविक रूप से धान की खेती करने का दावा कर रहे हैं, ऐसे मामलों का मैदानी स्तर पर सत्यापन कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त डिजिटल फसल सर्वेक्षण और पीवी ऐप में प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूट गए खसरों की भी जांच होगी। संबंधित तहसीलदार के माध्यम से इन प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ खेत में बोई गई वास्तविक फसल और उसके क्षेत्रफल की जांच की जाएगी। संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा और फसल की वास्तविक स्थिति प्रमाणित करने के लिए खेत की तस्वीरें भी संलग्न की जाएंगी।
30 नवंबर तक देनी होगी सत्यापित जानकारी
राज्य शासन ने भौतिक सत्यापन के बाद प्राप्त सही और अद्यतन जानकारी को निर्धारित प्रारूप में तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सक्षम प्राधिकारी से विधिवत अनुमोदन प्राप्त करने के बाद फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगामी प्रक्रिया के लिए यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। इस व्यवस्था से वास्तविक धान उत्पादक किसानों को अपने भूमि और फसल संबंधी रिकॉर्ड में मौजूद त्रुटियों को दूर कराने में मदद मिलेगी। साथ ही गलत फसल प्रविष्टि या सर्वेक्षण से छूट जाने के कारण धान बेचने में आने वाली समस्याओं का समाधान हो सकेगा। राज्य शासन की इस पहल से धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इन किसानों को मिलेगा व्यवस्था का लाभ
- फार्मर रजिस्ट्री में खसरा दर्ज होने के बावजूद मैपिंग नहीं होने वाले किसान।
- धान की खेती करने के बावजूद डिजिटल सर्वेक्षण में दूसरी फसल दर्ज होने वाले किसान।
- डिजिटल फसल सर्वेक्षण और पीवी ऐप में प्रविष्टि से छूट गए किसान।
- भूमि एवं फसल संबंधी अभिलेखीय विसंगतियों के कारण धान बेचने में परेशानी का सामना कर रहे पात्र किसान।
Next Story