छत्तीसगढ़
ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस का छापा, UP के 5 तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
8 Oct 2025 5:30 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठित रूप से नशे का व्यापार करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 9,840 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (ट्रामाडोल) और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्ग जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री की सूचना लगातार मिल रही थी। इसी क्रम में पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल दुर्ग मर्चुरी के पास तीन व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह (36 वर्ष) निवासी कैम्प 01 थाना छावनी, रवि कुमार शर्मा (35 वर्ष) निवासी न्यू खुर्सीपार, और उमेश कुमार कश्यप (38 वर्ष) निवासी कैम्प 02 भिलाई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 160 पत्ते ट्रामाडोल कैप्सूल (प्रत्येक पत्ते में 24 कैप्सूल) कुल 3,840 नग कैप्सूल और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इन तीनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को नशे के कारोबार में अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली। आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने आसिफ मोहम्मद (33 वर्ष) निवासी जोन 01 खुर्सीपार और शाहिद कुरैशी (36 वर्ष) निवासी दुर्गापारा न्यू खुर्सीपार को जामुल सब्जी बाजार के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में इन दोनों के पास से 250 पत्ते ट्रामाडोल कैप्सूल, प्रत्येक पत्ते में 24 नग कैप्सूल यानी कुल 6,000 नग नशीली कैप्सूल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
नाम आरोपीगणः-
01. आसिफ मोहम्मद 33 साल निवासी जोन 01 खुर्सीपार
02. प्रेम सिंह 36 साल निवासी कैम्प 01 थाना छावनी
03. शाहिद कुरैशी 36 साल निवासी दुर्गापारा न्यू खुर्सीपार
04. रवि कुमार शर्मा 3 साल निवासी न्यू खुर्सीपार
05. उमेश कुमार कश्यप 38 साल निवासी कैम्प 02 भिलाई
इस प्रकार पुलिस ने पांचों आरोपियों से कुल 9,840 नग ट्रामाडोल कैप्सूल और चार मोबाइल फोन जब्त किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 (सी) और 27 (क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से नशे की दवाइयों का व्यापार कर रहे थे और उनका संपर्क उत्तर प्रदेश से जुड़ा हुआ है, जहां से ये दवाइयां अवैध रूप से खरीदी जाती थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी इन कैप्सूल को युवाओं को सस्ते दामों में बेचकर भारी मुनाफा कमाते थे। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित नशा तस्करी गिरोह है जो राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन कैप्सूलों की आपूर्ति की श्रृंखला कहां तक फैली है और इसमें और कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की संभावना जताई है। इस पूरी कार्रवाई में उनि प्रताप सिंह ठाकुर, उनि उदय शंकर झा, सउनि चंद्रशेखर सोनी, आरक्षक गजेन्द्र यादव, हिमांशु जंघेल और खिलेश कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि “ऑपरेशन विश्वास” का उद्देश्य जिले में नशे के जड़ को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे तत्वों पर नजर रख रही है जो समाज में नशे का प्रसार कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल नशे के कारोबार पर लगाम लगेगी, बल्कि इससे युवाओं को गलत दिशा में जाने से भी रोका जा सकेगा। यह सफलता दुर्ग पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और आने वाले दिनों में ऐसे और भी अभियान चलाए जाने की योजना है, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके।
Tagsऑपरेशन विश्वासदुर्ग पुलिसट्रामाडोल कैप्सूलNDPS एक्टनशीली दवाइयांनशा तस्करीविजय अग्रवालदुर्ग कोतवालीउत्तर प्रदेश कनेक्शनपुलिस कार्रवाईन्यायिक रिमांडसंगठित अपराधभिलाईखुर्सीपारजामुलपुलिस अभियानOperation VishwasDurg PoliceTramadol CapsulesNDPS Actdrugsdrug traffickingVijay AgarwalDurg KotwaliUttar Pradesh connectionpolice actionjudicial remandorganized crimeBhilaiKhursiparJamulpolice operation
Next Story





