छत्तीसगढ़
ऑपरेशन शंखनाद: 6 गौवंश को ओडिशा के बूचड़खाने जाने से बचाया, आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Nov 2026 2:43 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर रायगढ़ जिले में गौवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 नग गौवंश को क्रूरतापूर्वक ओडिशा स्थित बूचड़खाने ले जाए जाने से पहले ही रास्ते में मुक्त करा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में गौवंश तस्करी रोकने हेतु गठित सुरक्षा व्यवस्था के तहत नोडल अधिकारी व एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों विशेषकर ओडिशा, जशपुर, कोरबा और सक्ती जिले से लगे सीमावर्ती गांवों में मुखबिरों का मजबूत नेटवर्क सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को लैलूंगा पुलिस को सटीक मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बांधापारा के रास्ते कुछ मवेशियों को अवैध रूप से सीमा पार कराने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा और प्रीतम बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बांधापारा मार्ग पर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक युवक मवेशियों को बिना चारा-पानी दिए, मारते-पीटते और क्रूरतापूर्वक पैदल हांकते हुए ओडिशा सीमा की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने संदेही युवक को रोककर पूछताछ की और मवेशियों के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। संदेही द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज न होने की बात लिखित में स्वीकार की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी इन मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जा रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से कुल 06 रास मवेशी जप्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 35,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। तस्करी से मुक्त कराए गए सभी गौवंशों के लिए पुलिस द्वारा तत्काल उचित चारा और पानी की व्यवस्था की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनकितन यादव (पिता नूर्तमो यादव, उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम सिहारधार, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर नाथ, प्रधान आरक्षक जयशरण चन्द्रा और हमराह स्टाफ की सराहनीय एवं सक्रिय भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ "ऑपरेशन शंखनाद" के तहत ऐसी कड़ी सख्त कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
Tagsरायगढ़ पुलिसऑपरेशन शंखनादलैलूंगा थानागौवंश तस्करी मुक्तएसएसपी शशि मोहन सिंहबांधापारा लैलूंगाछत्तीसगढ़ पशु क्रूरता निवारणओडिशा सीमा गौवंश तस्करीलैलूंगा पुलिस कार्रवाईरायगढ़ न्यूजRaigarh PoliceOperation ShankhnadLailunga Police Stationmaking the area free from cattle smugglingSSP Shashi Mohan SinghBandhapara (Lailunga)prevention of animal cruelty in Chhattisgarhcattle smuggling across the Odisha borderLailunga police actionRaigarh news.
Next Story





