छत्तीसगढ़
रायपुर में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान, प्रभाष पाठक गिरफ्तार
Shantanu Roy
29 Nov 2026 11:45 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबित प्रकरणों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने न्यायालय में पेशी के दौरान फरार हुए आरोपी प्रभाष पाठक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 511/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को आजाद चौक थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।
रायपुर जिले में लंबित आपराधिक प्रकरणों और फरार आरोपियों के मामलों को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने, पेट्रोलिंग बढ़ाने और सूचना संकलन के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा न्यायालय से फरार हुए आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाते हुए उसकी पतासाजी की और 29 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामला 24 सितंबर 2024 का है। थाना आजाद चौक में दर्ज अपराध क्रमांक 94/2017 में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत प्रभाष पाठक एवं प्रभा पाठक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज था। इस मामले में न्यायालय द्वारा दोनों के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद दोनों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दीप्ति लकड़ा के न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 14047/2019 की सुनवाई के दौरान दोनों आरोपी कटघरे में मौजूद थे। पुलिस विज्ञप्ति के मुताबिक, सुनवाई के दौरान न्यायालय में अन्य पक्षकारों का आना-जाना लगा हुआ था।
इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी प्रभाष पाठक न्यायालय को बिना सूचना दिए वहां से फरार हो गया। घटना के संबंध में न्यायालय द्वारा लिखित तहरीर जारी कर पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके बाद रक्षित केंद्र रायपुर में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक सोनाली जाधव ने 25 सितंबर 2024 को लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लंबित मामलों की समीक्षा और फरार आरोपियों की पतासाजी के क्रम में सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 55 वर्ष है। वह मूल रूप से कबीरधाम जिले के पंडातराई थाना क्षेत्र के नवागांव का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के नलघर चौक के पास अहमद जी कॉलोनी में निवासरत बताया गया है।
सिविल लाइन थाने में दर्ज प्रकरण जमानतीय होने के कारण आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। हालांकि, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट लंबित होने के कारण उसे आजाद चौक थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। रायपुर पुलिस द्वारा लंबित आपराधिक प्रकरणों के निराकरण, गिरफ्तारी वारंट की तामील और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल लाइन थाना पुलिस ने करीब दो वर्ष पुराने न्यायालय से फरार होने के मामले में कार्रवाई की है।
Next Story





