छत्तीसगढ़

रायगढ़ में 1.21 करोड़ से बनेगा पीएम श्री स्कूल भवन OP चौधरी ने किया भूमिपूजन

SHIDDHANT
5 Sept 2026 10:30 PM IST
रायगढ़ में 1.21 करोड़ से बनेगा पीएम श्री स्कूल भवन OP चौधरी ने किया भूमिपूजन
x
छग
Raigarh रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। पुसौर विकासखंड के कोड़ातराई में पीएम श्री स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने किया। करीब 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्कूल भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। नए भवन में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अध्ययन वातावरण तैयार किया जाएगा। भवन निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी दौर में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनमें नई सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों में इनोवेशन, स्टार्टअप और कुछ नया करने की सोच विकसित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
वित्त मंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसके बाद ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के सकरबोगा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास योजनाओं को स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोलनारायण नायक, जनपद पंचायत सदस्य गोपी चौधरी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Next Story