छत्तीसगढ़

कोटा के रियान किचन के पास खिला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, 3 सट्टेबाज गिरफ्तार

Shantanu Roy
13 Aug 2026 8:03 PM IST
कोटा के रियान किचन के पास खिला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, 3 सट्टेबाज गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सरस्वती नगर पुलिस ने दिशा कॉलेज रोड स्थित रियांश किचन के पास दबिश देकर सट्टा संचालित कर रहे आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी की पर्चियां, डॉट पेन और 4,990 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सऐप और कागज की पर्चियों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि मामले में सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी सामने आई है, जिनके खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के दिशा कॉलेज रोड स्थित रियान किचन के पास कुछ लोग सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया ने मामले में संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक श्री ईशु अग्रवाल और थाना प्रभारी सरस्वती नगर को सूचना की पुष्टि कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सरस्वती नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और उन्हें पकड़कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विनोद कुमार ज्योति, अनिल कुमार और विद्यासागर बताया। तीनों आरोपी सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब उनके पास मौजूद मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी भेजने और अलग-अलग नंबरों पर पैसे लगाने से संबंधित जानकारी मिली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। इसके अलावा वे कागज की पर्चियों पर भी सट्टे का हिसाब लिखते थे। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी की पर्चियां और अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो नग वीवो कंपनी के मोबाइल फोन, ऑनलाइन सट्टा-पट्टी की पर्चियां, 4,990 रुपए नगद और डॉट पेन बरामद किया है। जब्त सामग्री के आधार पर आरोपियों के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 171/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 4(क) सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1976, धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार ज्योति पिता स्वर्गीय रामसजीवन ज्योति उम्र 35 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी कोटा ब्लॉक नंबर डी/4 मकान नंबर 03 थाना सरस्वती नगर रायपुर शामिल है। दूसरा आरोपी अनिल कुमार पिता रामसजीवन उम्र 34 वर्ष है, जो उसी पते का निवासी है। तीसरा आरोपी विद्यासागर पिता रामप्यारे राय उम्र 35 वर्ष, निवासी कोटा बीएसयूपी कॉलोनी ब्लॉक नंबर 08 थाना सरस्वती नगर रायपुर है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इसका नेटवर्क कितने क्षेत्रों तक फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों से दूर रहें। सट्टा खेलने या संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story