छत्तीसगढ़

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, मुंबई-उड़ीसा समेत 20 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 April 2026 5:37 PM IST
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, मुंबई-उड़ीसा समेत 20 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम एवं साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए देश के कई राज्यों में फैले एक बड़े सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुंबई (महाराष्ट्र) और भवानीपटना (उड़ीसा) सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन बड़े पैनल नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में की गई। पुलिस टीम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय सटोरिये एक संगठित गिरोह के रूप में ऑनलाइन बैटिंग एप्स का संचालन कर रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद, बालोद और रायपुर जिलों में सक्रिय था। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जब्त सामान में 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 3 एलईडी टीवी, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, 1 कार, 3 वाईफाई राउटर और सट्टे से संबंधित 3 कॉपियों में हिसाब-किताब शामिल है। इसके अलावा 1,95,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क पिछले एक वर्ष से सक्रिय था और विभिन्न बैटिंग एप्स के माध्यम से संचालन कर रहा था। आरोपी अवैध लेन-देन के लिए म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर रहे थे। ये खाते किराये पर लेकर सट्टे की रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस अब इन खाताधारकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ‘3stumps’, ‘बजरंग बुक’ और ‘रेड्डी बुक’ नामक पैनलों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। बैंक खातों की प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं, जिनकी विस्तृत वित्तीय जांच की जा रही है।


पुलिस ने इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज किया है, जिसमें छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक व्यक्ति कार में बैठकर मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मनदीप सिंह, निवासी टाटीबंध आमानाका, रायपुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मनदीप सिंह ने खुलासा किया कि वह ऑनलाइन सट्टा आईडी बनाने और वितरण करने का काम करता है। उसके पास से नगदी भी बरामद हुई। जांच में उसने बताया कि उसके साथी रायपुर, मुंबई, महाराष्ट्र, गोवा और उड़ीसा में सक्रिय रहकर सट्टा नेटवर्क चला रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी कमलेश देवांगन को भी गिरफ्तार किया, जो कलेक्शन का कार्य संभाल रहा था। उसने पूछताछ में बताया कि मुंबई में हर्ष नागदेव अपने साथियों के साथ ‘बजरंग ग्रुप एप’ चला रहा है, जबकि दुर्ग के हरीश नायक और सन्नी देवांगन उड़ीसा के भवानीपटना में रेड्डी पैनल का संचालन कर रहे हैं। इन सूचनाओं के आधार पर रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई और उड़ीसा में दबिश देकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक अंतरराज्यीय संगठित अपराध नेटवर्क है, जिसे पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर आईपीएल सीजन के दौरान सट्टा गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं। आने वाले दिनों में बैंक खातों, मोबाइल डेटा और डिजिटल लेन-देन की गहन जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर और प्रदेश में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी (रायपुर से) -
01. मनदीप सिंह पिता गुरमित सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी टाटीबंध एमआईजी 97 आमानाका थाना आमानाका रायपुर।
02. कमलेश देवांगन पिता स्व. सीताराम देवांगन उम्र 40 साल निवासी न्यू चंगोराभाठा श्रीराम नगर थाना डी.डी.नगर रायपुर।

गिरफ्तार आरोपी (मुम्बई से) -
01. धरम राज पिता शिव कुमार चिराम उम्र 23 साल निवासी ग्राम बीटाल थाना दल्ली राजहरा जिला बालोद (छ.ग.)।
02. फत्ते सिंह यादव पिता शोभित राम यादव उम्र 23 साल निवासी निवासी ग्राम बीटाल थाना दल्ली राजहरा जिला बालोद (छ.ग.)।
03. कुनाल भोई पिता दीपक भोई उम्र 27 साल निवासी महासमुंद नयापारा वार्ड नंबर 05 थाना महासमुंद जिला महासमुंद (छ.ग.)।
04. शत्रुघन कुमार कोमरे पिता नरेश कोमरे उम्र 22 साल निवासी ग्राम हितकसा थाना दल्ली राजहरा जिला बालोद (छ.ग.)।
05. सुनील कुमार कोमरे पिता फगूराम कोमरे उम्र 32 साल निवासी ग्राम बीटाल थाना दल्ली राजहरा जिला बालोद (छ.ग.)।
06. तुलसी दास उर्फ प्रिंस पिता जैनेन्द्र नामदेव उम्र 34 साल निवासी ग्राम सिलौण्डी थाना नवरोजाबाद जिला उमरिया (म.प्र.)।
07. शुभम शीतलानी पिता रामचंद शीतलानी उम्र 26 साल निवासी रतनपुर पुराना बस स्टैण्ड के पास थाना रतनपुर जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
08. हर्ष नागदेव पिता लोकचंद नागदेव उम्र 29 साल निवासी कचहरी चौक होटल पंजाब पैलेस की बाजू वाली गली थाना मौदहापारा रायपुर (छ.ग.)।
09. सुशील कुमार पासवान पिता तिलक राम पासवान उम्र 30 साल निवासी ग्राम डेण्डा पोस्ट लालपुर थाना परसरामपुर जिला बस्ती (उ.प्र.)।

गिरफ्तार आरोपी (उडीसा से)
01. खुमान साहू पिता अजय कुमार साहू उम्र 24 साल निवासी सिकोला बस्ती वार्ड नंबर 16 पार्षद निवास के पास थाना मोहन नगर जिला दुर्ग।
02. गौरव राय पिता स्व. बिहारी लाल राय उम्र 24 साल निवासी छावनी मंगल बाजार जागृति स्कुल के पास थाना जामुल भिलाई जिला दुर्ग।
03. शुभम उईके पिता शिवराज उईके उम्र 22 साल निवासी जयंती नगर वार्ड क्रमांक 16 मोहन किराना के पास थाना मोहन नगर जिला दुर्ग।
04. आकाश सागर पिता जाधो सागर उम्र 26 साल निवासी रायपुर नाका दुर्ग वार्ड क्रमांक 47 रेलवे कालोनी थाना पदमनाभपुर जिला दुर्ग।
05. किशन कुमार पिता शिवबली उम्र 25 साल निवासी राजीव नगर अशोक चौक एम के एम किराना स्टोर के पास खुर्सीपार थाना खुर्सीपार जिला दुर्ग।
06. अभिषेक कुमार भारती पिता प्रहलाद भारती उम्र 24 साल निवासी गौतम नगर स्ट्रीट नंबर 22 गली नंबर 04 खुर्सीपार थाना खुर्सीपार जिला दुर्ग।
07. विनय कुमार पिता ओसिहुर सिंह उम्र 25 साल निवासी खुर्सीपार सेक्टर 11 गली नंबर 05 थाना खुर्सीपार जिला दुर्ग।

गिरफ्तार आरोपी (दुर्ग से)
01. हरीश नायक उर्फ भोला नायक पिता लीलाधर नायक उम्र 25 साल निवासी सिकोला बस्ती मोहन नगर जिला दुर्ग।
02. सन्नी देवांगन पिता दिलीप देवांगन उम्र 36 साल निवासी धनोरा जिला दुर्ग।
Next Story