
x
छग
Raipur रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने गुढ़ियारी, खम्हारडीह और उरला थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री करने वाले एक महिला और एक पुरुष के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही तीन लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए सावित्री बंजारे (50) को पकड़ा। उसके कब्जे से 35 पौवा देशी मदिरा, कुल 6.300 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 2,800 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की गई। आरोपी महिला के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसी तरह उरला थाना पुलिस ने अवैध शराब के मामले में आकाश सिंह (25) के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा यानी करीब 5.4 लीटर देशी मदिरा बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
तीन लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की। खम्हारडीह पुलिस ने गौतम धीवर (30) के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं उरला थाना पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ इसी धारा के तहत कार्रवाई की।
इस तरह नॉर्थ जोन में कुल तीन व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी और सतर्कता रखी जा रही है। अवैध शराब, आपराधिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
Next Story





